जौनपुर के शुभलाल को मिला राष्ट्रपति भवन से स्वतंत्रता दिवस का निमंत्रण

प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ से प्रेरित होकर दिव्यांगों के लिए बड़ा काम – जौनपुर के शुभलाल को मिला राष्ट्रपति भवन से स्वतंत्रता दिवस का निमंत्रण
(सोहराब)
जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रेडियो श्रृंखला ‘मन की बात’ से प्रेरणा लेकर जौनपुर जनपद के एक सामाजिक कार्यकर्ता ने ऐसा कार्य कर दिखाया है, जिससे न केवल दिव्यांगजनो के अधिकारों को मजबूती मिली, बल्कि उन्हें खुद देश के सर्वोच्च गणमान्य मंच से स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का न्योता प्राप्त हुआ।
मुगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी शुभलाल सरोज, जो स्वयं दिव्यांग हैं, ने ‘मन की बात’ से प्रेरित होकर दिव्यांगजनो के कल्याण के लिए अपने सुझाव केंद्र सरकार को लगातार भेजने शुरू किए। उनकी पहल और प्रयासों का परिणाम यह हुआ कि ‘बौनापन’ (Dwarfism) को दिव्यांगों की सूची में शामिल किया गया। साथ ही, उन्होंने दिव्यांगजनो को केंद्र की कई कल्याणकारी योजनाओं में सम्मिलित कराने में भी सफलता प्राप्त की।
शुभलाल सरोज के इस योगदान को राष्ट्रपति भवन द्वारा सीधे मॉनिटर किया गया और उनके अथक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित मुख्य समारोह में सम्मिलित होने का आमंत्रण भेजा गया। इस अद्भुत सम्मान की सूचना मिलते ही शुभलाल और उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस ऐतिहासिक निमंत्रण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शुभलाल सरोज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महामहिम राष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सम्मान न केवल उनका, बल्कि पूरे जनपद जौनपुर और दिव्यांग समाज का है।
उनके इस कार्य ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि दृढ़ निश्चय और सकारात्मक सोच हो, तो एक व्यक्ति भी समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकता है।

No comments

Post a Comment

Home