जौनपुर। जौनपुर के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा। जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर पटना-कोटा एक्सप्रेस के नियमित ठहराव की शुरुआत हो गई। प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जौनपुर सदर विधायक गिरीश चंद्र यादव तथा राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने शाम 5:41 बजे ट्रेन संख्या 13239 पटना-कोटा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद राज्यमंत्री इसी ट्रेन से लखनऊ के लिए रवाना हुए।
इस अवसर पर राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि पटना-कोटा एक्सप्रेस का जौनपुर सिटी स्टेशन पर ठहराव क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग थी। इस सुविधा से जौनपुर का सीधा रेल संपर्क राजस्थान के प्रमुख शहरों से हो गया है। अब छात्रों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को आगरा, मथुरा, भरतपुर और कोटा की यात्रा के लिए सीधी ट्रेन की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार में जौनपुर का लगातार विकास हो रहा है।
ट्रेन का समय:
13239 पटना-कोटा एक्सप्रेस: प्रतिदिन आगमन 5:41 बजे शाम, प्रस्थान 5:43 बजे।
13240 कोटा-पटना एक्सप्रेस: प्रतिदिन आगमन 12:35 बजे दोपहर, प्रस्थान 12:37 बजे।
कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक, स्टेशन अधीक्षक, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. रामसूरत मौर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पटना-कोटा एक्सप्रेस के ठहराव से विशेष रूप से कोटा में पढ़ाई करने वाले छात्रों, आगरा जाने वाले पर्यटकों, मथुरा एवं मेहंदीपुर बालाजी के दर्शनार्थियों तथा व्यापारियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
No comments
Post a Comment