ग्रीष्मकालीन अवकाश बढ़ा, 25 जून से खुलेंगे परिषदीय विद्यालय
उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि बढ़ा दी गई है। अब विद्यालयों में 20 मई से 24 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा तथा 25 जून 2026 से पुनः पठन-पाठन कार्य प्रारंभ होगा।
जारी आदेश में कहा गया है कि भीषण गर्मी एवं हीट-वेव की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। पूर्व में शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार 15 जून तक अवकाश निर्धारित था, लेकिन विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अवकाश अवधि में संशोधन किया गया है।
शासन ने निर्देश दिया है कि 22, 23 एवं 24 जून को शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक विद्यालय में उपस्थित होकर आवश्यक तैयारियां पूरी करेंगे। इसमें विद्यालय की साफ-सफाई, मिड-डे मील की तैयारी, पाठ्यपुस्तकों की व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालयों की उपलब्धता तथा शैक्षिक गतिविधियों की तैयारी शामिल है, ताकि 25 जून से नियमित रूप से शिक्षण कार्य संचालित किया जा सके।
साथ ही 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालयों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जौनपुर जनपद के परिषदीय विद्यालयों में भी उक्त शासनादेश के अनुसार 25 जून से पठन-पाठन कार्य प्रारंभ होगा।
No comments
Post a Comment