( सोहराब )
जौनपुर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जौनपुर के ऐतिहासिक शाही किले परिसर में भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी जौनपुर सैमुअल पॉल एन. तथा मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। योग विषयक आकर्षक पोस्टर एवं चार्ट प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें योग के विभिन्न आसनों, उनके लाभों तथा स्वस्थ जीवन में योग की उपयोगिता को दर्शाया गया।
कंपोजिट विद्यालय ऊदपुर गेल्हवा, विकास खंड बदलापुर की सहायक अध्यापिका डॉ. यामिनी सिंह द्वारा योग दिवस पर तैयार किए गए आकर्षक चित्र एवं पोस्टर को विशेष सराहना मिली। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री समीर ने उनके रचनात्मक प्रयासों की प्रशंसा की और कहा कि ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में योग एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मानुशासन एवं स्वस्थ जीवन का आधार है। सभी लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक योगाभ्यास तथा स्वस्थ, निरोग एवं सशक्त भारत के संकल्प के साथ हुआ।
No comments
Post a Comment