इस अवसर पर लखनऊ स्थित लोक भवन से माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा समर कैंप आयोजन, आईसीटी लैब स्थापना, स्मार्ट क्लास रूम की शुरुआत तथा टैबलेट वितरण योजना जैसे अनेक महत्वाकांक्षी योजनाओं का वर्चुअल शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जौनपुर में मुख्य अतिथि माननीय नगर विकास, शहरी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री श्री अरविंद कुमार शर्मा की उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम में बदलापुर विधायक श्री रमेश चंद्र मिश्र, मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर. के. पटेल, शाहगंज विधायक श्री रमेश सिंह, विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह प्रिंसू, पूर्व गृह राज्य मंत्री श्री कृपाशंकर सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री पुष्पराज सिंह, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाड़िया सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में माननीय मंत्री श्री अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों के समग्र विकास और शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार हो रहे हैं, जिससे भविष्य की पीढ़ी को बेहतर संसाधन और प्रेरणा प्राप्त हो रही है।
इस अवसर पर पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर जी की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित प्रदर्शनी का भी उल्लेख किया गया, जिसमें उनके प्रेरणादायी जीवन प्रसंगों को प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए छह खंड शिक्षा अधिकारियों (श्री राजेश कुमार सिंह – जलालपुर, श्री अमरेश कुमार – सिरकोनी, श्री अरविंद कुमार पांडेय – बदलापुर, श्री बसंत कुमार शुक्ल – शाहगंज, श्री अखिलेश कुमार झा – केराकत, श्री राजेश कुमार वैश्य – धर्मापुर) को सम्मानित किया गया। साथ ही, पीएम श्री योजना के अंतर्गत चयनित पांच विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच प्रधानाध्यापकों (प्रा. वि. हैदरगंज, कंपोजिट विद्यालय मियापुर, कंपोजिट विद्यालय रास मंडल, प्रा. वि. मतापुर, प्रा. वि. लाइन बाजार) को टैबलेट वितरित किए गए।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने आश्वस्त किया कि जौनपुर जिला शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश में सदैव अग्रणी रहेगा और सभी योजनाओं को प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल सहित सभी जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी, शिक्षकगण, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment