jaunpur : वृक्षों से जीवन संभव, जरूरते होती है पूरी

जौनपुर। बचपन से ही हम यह सुनते आए हैं कि पेड़ लगाएं, जीवन बचाएं लेकिन यह बातें बस सुनी-सुनाई ही रह जाती हैं। इस पर बहुत कम लोग अमल करते हैं। यह पेड़-पौधे प्राकृति का अनमोल तोहफा हैं जो धरती पर रहने वाले हर जीवों का मूल आधार हैं। इनके बिना हर किसी का जीवन असंभव है। यह चारों ओर अपनी हरियाली बढ़ाकर खूबसूरती तो फैलाते ही हैं, साथ ही यह हमें फल, फूल, लकड़ी, बांस, ईंधन आदि बहुत सी चीजें भी उपहार में ही देते हैं। इंसानी जीव के साथ-साथ पशु-पक्षियों का जीवन भी इन्हीं पर निर्भर करता है। जंगली जानवर सर्दी, गर्मी, बरसात से बचने के लिए पेड़ों का ही सहारा लेते है। इतना ही नहीं, बहुत से लोग अपना जीवन व्यतीत करने के लिए आर्थिक रूप से भी इन पेड़-पौधों पर निर्भर होते हैं। कागज, माचिस, फर्नीचर उद्योग से कई लोगों की जीविका भी चलती है। हम पूरी तरह से इन पेड़-पौधों पर आश्रित होने के बावजूद इसकी अहमियत नहीं समझ पा रहे हैं तो यह अपने आप से छल करने के सामान है। पेड़ कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करते हैं और हमें आक्सीजन प्रदान करते हैं जो जीवित रहने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है। यह ध्वनि व वायु प्रदूषण को नियंत्रित करते हैं। वर्षा कराने में भी पेड़-पौधे ही सहायक होते हैं। इसकी मदद से हम अचानक आने वाली बाढ़ से बच सकते हैं। अगर पेड़ वर्षा के लिए जिम्मेदार हैं तो भूमि को उपजाऊ बनाने में के लिए भी यह बहुत जरूरी हैं। यह हमारी धरती को हरी भरी खूबसूरत बनाते हैं। अगर यह ना हो तो सारी धरती बंजर जैसी दिखने लगती है। पेड़ों पर लगने वाले रंग-बिरंगे फूल सुंदरता में चार चांद तो लगाते ही हैं, साथ ही मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा देते हैं। बहुत सारे वृक्षों की लकड़ी पेपर, गोंद, खेलों का सामान, फर्नीचर बनाने के काम आती हैं। कई पेड़ पौधों के चमत्कारी फायदे हैं, जिनके पत्ते, तने, फल, फूल, छाल बीमारियों को जड़ से खत्म करने की ताकत रखते हैं। कुछ पौधे घर में सजाने का काम भी देते हैं। वास्तुशास्त्र में पेड़-पौधों को सुख, शांति, समृद्धि का आधार माना गया है। इससे तमाम तरह के वास्तुदोष दूर हो जाते हैं और यह मन को शांत और नकारात्मक ऊर्जा को भी दूर करते हैं।

No comments

Post a Comment

Home