कोटेदारों का दो दिवसीय कार्य बहिष्कार समाप्त, जिलापूर्ति अधिकारी को सौंपा मांगों का ज्ञापन

जौनपुर। उत्तर प्रदेश सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद के आह्वान पर जनपद शाखा द्वारा बीते मंगलवार से शुरू कार्य बहिष्कार कार्यक्रम बुधवार को भी जारी रहा। इसके पहले जनपद के लगभग सभी कोटेदार नगर के केरारकोट में स्थित कैम्प कार्यालय पर एकत्रित हुये। यहां से सभी लोग जुलूस की शक्ल में जिलापूर्ति कार्यालय पहुंचे जहां अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलन्द करते हुये शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराये। साथ ही कोटेदारों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह अपने इस आंदोलन को और भयावह रूप दे देंगे जिसकी सारी जिम्मेदार शासन-प्रशासन की होगी। इस दौरान कोटेदारों ने मुख्यमंत्री के नाम सम्बोधित अपनी 7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिलापूर्ति अधिकारी को सौंपा। साथ ही मांगों का पत्रक प्रधानमंत्री भारत सरकार, खाद्य मंत्री भारत सरकार, खाद्य एवं रसद मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार, आयुक्त खाद्य एवं रसद विभाग उत्तर प्रदेश एवं उपायुक्त खाद्य एवं रसद विभाग वाराणसी मण्डल को भी प्रेषित किया। इस अवसर पर अध्यक्ष विक्रम बहादुर सिंह, महामंत्री दयाशंकर निगम, उपाध्यक्ष सरोज श्रीवास्तव, मंत्री मो. सलीमुल्ला, सरिता सोनकर, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, मीडिया प्रभारी कृष्ण कुमार जायसवाल, विजय दुबे, रमेश चन्द्र, चन्द्रकला देवी, शैलेन्द्र कुमार, ओम प्रकाश सिंह सहित तमाम सम्बन्धित लोग उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home