विभागीय मिलीभगत से धड़ल्ले से काटे जा रहे हरे पेड़

जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के शाहगंज पड़ाव (उर्दू बाजार) पर स्थित आरा मशीन पर काफी संख्या में हरे पेड़ों की कटान रखी हुई है जिसको छोटे-छोटे लकड़ियों के रूप में कर दिया जायेगा। शनिवार की शाम से लेकर रविवार की सुबह तक कई टैªक्टर से काफी संख्या में हरे पेड़ों की कटान लायी गयी। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार वह नीम, आम, शीशम के हैं जबकि इन पेड़ों की कटाई शासन द्वारा प्रतिबंधित है। इसके बावजूद भी वन एवं पुलिस विभाग की मिलीभगत से हरे पेड़ों की कटाई धड़ल्ले से हो रही है। कुछ लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उक्त पेड़ों की कटाई करने वाले नगर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के पचहटियां के चौहान बिरादरी के कुछ मनबढ़ किस्म के लोग हैं। कहा जा रहा है कि विभागीय मिलीभगत के चलते वह आये दिन उपरोक्त के अलावा अन्य प्रतिबंधित पेड़ों की कटाई करते हैं और नगर के शाहगंज पड़ाव पर स्थित उक्त आरा मशीन पर पहुंचाते हैं। यहां छोटे-छोटे लकड़ियों के रूप में उसकी कटाई की जाती है जो सीधे-सीधे शासन-प्रशासन के आंखों में धूल झोंकने वाला कार्य है। लोगों का कहना है कि यदि वन एवं पुलिस विभाग की मिलीभगत से ऐसे कार्य होते रहेंगे तो निकट भविष्य में जौनपुर से हरे पेड़ों की संख्या खत्म हो जायेगी जो पर्यावरण के लिये बहुत बड़ा खतरा होगा।

No comments

Post a Comment

Home