लोकतांत्रिक तरीके से अन्याय के खिलाफ लड़ना चाहिएः एसपी

जौनपुर। नगर के सब्जी मंडी स्थित जायसवाल धर्मशाला में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा व्यापारी सम्मान दिवस आयोजित किया गया। जिसमें समाज में उत्कृष्ट सेवा के लिए 11 व्यापारियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक केके चौधरी कहा कि व्यापार मंडल द्वारा यह कार्य सराहनीय है। व्यापार मंडल व्यापारियों में यह संदेश देने का काम कर रहा है कि लोकतांत्रिक व गांधीवादी तरीके से अन्याय के खिलाफ लड़ना चाहिए। कभी-कभी प्रशासन तक कुछ न्यायपूर्ण बातें नहीं पहुंच पाती जिसेे व्यापार मंडल पहुंचाने का कार्य करती है। विशिष्ट अतिथि जफराबाद नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद बरनवाल ने कहा कि व्यापार मंडल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम व्यापारियों के लिए प्रेरणादायक है। हम सभी को स्वर्गीय हरीश चंद्र अग्रवाल के पदचिंहों पर चलकर अपनी आवाज को बुलंद करना होगा यही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष श्रवण जायसवाल ने कहा कि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल व्यापारियों के मान सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर है। आज व्यापारी नेता स्वर्गीय हरीश चंद्र अग्रवाल की शहादत को याद करते हुए हमें प्रण लेना है कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते के लिए जुल्म के खिलाफ हमको लड़ाई लड़नी होगी। नगर अध्यक्ष अनवारूल हक गुड्डू व जिला महामंत्री अशोक साहू ने कहा कि इंस्पेक्टर राज के खिलाफ 25 वर्षीय हरीश चंद्र अग्रवाल ने शहादत देते हुए व्यापारियों को एक संदेश देने का काम किया है। कार्यक्रम में प्रख्यात शायर रामिश दिलावरपुरी व कवि डा. प्रमोद वाचस्पति ने काव्य पाठ किया। सम्मानित होने वालों में सेल टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश श्रीवास्तव, फल एवं सब्जी विक्रेता संघ के अध्यक्ष राजमणि यादव, अखिलेश जायसवाल, संतोष गुप्ता, राजीव मोदनवाल, राजू जायसवाल, विवेक सेठ मोनू, विमल गुप्ता, कैलाश नाथ विश्वकर्मा, गुलजारी लाल साहू, अमर बहादुर सेठ रहे। नगर महामंत्री अमरनाथ मोदनवाल व जिला कोषाध्यक्ष शिव कुमार साहू ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन जिला प्रवक्ता सुरेंद्र जायसवाल ने किया। इस अवसर पर संजीव साहू, महिला जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, उषा जायसवाल, रिजवान अहमद, शिवम बरनवाल, संतोष त्रिपाठी, डा. ब्रह्मेश शुक्ला, नन्हे साहू, राजेश यादव, इरफान मंसूरी आदि उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home