जौनपुर में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ, महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा सुविधा

जौनपुर में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ, महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा सुविधा
जौनपुर, 26 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बुधवार को लखनऊ से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ किया गया। इस योजना के तहत प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए प्रदेश सरकार ने सभी माताओं, बहनों एवं बेटियों के लिए सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की विशेष सुविधा भी घोषित की है। यह सुविधा 27 अगस्त को प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि तक उपलब्ध रहेगी।
जौनपुर कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में माताओं, बहनों एवं बेटियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, भाजपा महिला मोर्चा मछलीशहर की जिलाध्यक्ष रागिनी सिंह, जिला उपाध्यक्ष मीना पटेल, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया तथा एआरएम रोडवेज स्नेहलता सहित अन्य मातृशक्तियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा से माताएं और बहनें आसानी से अपने भाइयों के पास पहुंचकर राखी का पर्व मना सकेंगी। उन्होंने बताया कि 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को 29 अगस्त से लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत आजीवन निःशुल्क बस यात्रा का लाभ मिलेगा।
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए बस सेवाएं 27 अगस्त की सुबह से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक निःशुल्क रहेंगी। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में यात्रा के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। योजना का लाभ लेने के लिए महिलाएं आधार कार्ड अथवा निर्वाचन पहचान पत्र प्रस्तुत कर सकती हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने सरकार की इस पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने कहा कि यह सुविधा विशेष रूप से वरिष्ठ महिलाओं के लिए धार्मिक, पारिवारिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंचने में अत्यंत उपयोगी साबित होगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित माताओं, बहनों एवं बेटियों को वस्त्र एवं मिष्ठान वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रीती श्रीवास्तव ने किया तथा एआरएम रोडवेज स्नेहलता ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, परियोजना निदेशक/डीसी एनआरएलएम जितेंद्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अनीता, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home