जौनपुर, 08 अगस्त। उद्यान विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा एवं उनकी गुणवत्ता परखने के उद्देश्य से उपनिदेशक उद्यान, वाराणसी मंडल तथा जिला उद्यान अधिकारी, जौनपुर ने शनिवार को विभिन्न स्थलों का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राजकीय पौधशाला पॉलिटेक्निक, राजकीय पौधशाला बक्शा तथा कृषि विज्ञान केंद्र बक्शा में स्थापित हाईटेक नर्सरी का निरीक्षण किया।
कृषि विज्ञान केंद्र बक्शा की हाईटेक नर्सरी में उत्पादित पौध, हाइब्रिड किस्मों, ड्रिप एवं माइक्रो इरीगेशन सिस्टम तथा पौधों के रख-रखाव की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि किसानों को केवल स्वस्थ, उच्च गुणवत्ता वाले एवं प्रमाणित पौधे ही उपलब्ध कराए जाएं।
इसके बाद उपनिदेशक उद्यान ने ग्राम बेसहूपुर निवासी किसान समर बहादुर सिंह के 3.8 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाले खेत का निरीक्षण किया। किसान ने पीडीएमसी योजना के तहत मिनी स्प्रिंकलर स्थापित कराया है। आधुनिक सिंचाई व्यवस्था के माध्यम से किसान ने गेहूं और धान की पारंपरिक खेती छोड़कर मटर व मक्का का सफल उत्पादन किया तथा वर्तमान में मिर्च की खेती कर रहे हैं। किसान ने योजना को लाभकारी बताते हुए संतोष व्यक्त किया।
अधिकारियों की टीम ने बदलापुर क्षेत्र में केला उत्पादक किसानों के खेतों का भी स्थलीय सत्यापन किया। इस दौरान केले की फसल में पौध संरक्षण, ड्रिप सिंचाई तथा कीट एवं रोग प्रबंधन की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने किसानों से संवाद कर टिशू कल्चर केला उत्पादन की आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक खेती के बारे में जानकारी दी।
अधिकारियों ने उद्यान विभाग की योजनाओं से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने तथा ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही राजकीय पौधशालाओं में पौधों की उपलब्धता एवं प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
No comments
Post a Comment