जौनपुर, 16 जून 2026। खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने मंगलवार को विकास खंड करंजाकला परिसर में आवासीय भवनों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया तथा जनकल्याण शिविर का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत ब्लॉक प्रमुख श्रीमती पूनम यादव द्वारा राज्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने से हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ आवासीय भवनों का शिलान्यास संपन्न कराया गया। अधिकारियों के अनुसार इन भवनों के निर्माण पर लगभग ₹2.29 करोड़ की लागत आएगी।
शिलान्यास के उपरांत राज्यमंत्री ने ब्लॉक परिसर में आयोजित जनकल्याण शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया। शिविर में "मोदी सरकार के 12 वर्ष : हर परिवार को सुरक्षा देने वाले वर्ष" थीम के अंतर्गत लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों एवं स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।
इस दौरान राज्यमंत्री ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार वितरित किया तथा नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख श्रीमती पूनम यादव, जिला महामंत्री अजय सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव 'मम्मन', प्रदीप तिवारी, धर्मेंद्र मिश्रा, राजकेशर पाल, जनकल्याण शिविर संयोजक रविन्द्र सिंह 'राजू दादा', प्रधान संघ अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) करंजाकला सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment