पुलिस खेल प्रतियोगिताओं में जौनपुर की महिला पुलिसकर्मियों का शानदार प्रदर्शन, 16 पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान

पुलिस खेल प्रतियोगिताओं में जौनपुर की महिला पुलिसकर्मियों का शानदार प्रदर्शन, 16 पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान

जौनपुर, 10 अगस्त। पुलिस विभाग की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक अर्जित करने वाली थाना जलालपुर में नियुक्त महिला मुख्य आरक्षी कनक शर्मा एवं महिला मुख्य आरक्षी स्मिता को अपर पुलिस अधीक्षक नगर, जौनपुर आयुष श्रीवास्तव ने पुलिस कार्यालय में सम्मानित किया। दोनों महिला पुलिसकर्मियों को मेडल पहनाकर उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी गई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

महिला मुख्य आरक्षी कनक शर्मा ने विभिन्न पुलिस खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 12 पदक अर्जित किए हैं। वहीं महिला मुख्य आरक्षी स्मिता ने कुल चार पदक जीतकर जौनपुर पुलिस का गौरव बढ़ाया है।

वाराणसी जोन में पांच पदक

10 से 12 जुलाई 2026 तक वाराणसी जोन में आयोजित 43वीं अन्तर्जोनल पुलिस बैडमिंटन/टेबल टेनिस प्रतियोगिता में कनक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक हासिल किए। इनमें तीन स्वर्ण और दो रजत पदक शामिल हैं।

मुरादाबाद में सात पदक

23 से 26 जुलाई 2026 तक जनपद मुरादाबाद में आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक खेल प्रतियोगिता-2026 में भी कनक शर्मा का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने प्रतियोगिता में कुल सात पदक जीते, जिसमें तीन रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं।

स्मिता ने भी जीते चार पदक

वहीं 43वीं उत्तर प्रदेश पुलिस अन्तर जनपदीय बैडमिंटन/टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026, जनपद सोनभद्र में आयोजित प्रतियोगिता में महिला मुख्य आरक्षी स्मिता ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और दो रजत पदक सहित कुल चार पदक अर्जित किए।

इस प्रकार कनक शर्मा ने तीन स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य सहित कुल 12 पदक, जबकि स्मिता ने दो स्वर्ण और दो रजत सहित कुल चार पदक हासिल किए। दोनों महिला पुलिसकर्मियों की इस उपलब्धि से जौनपुर पुलिस परिवार में खुशी का माहौल है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने दोनों महिला पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। उनकी इस उपलब्धि को पुलिस विभाग में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।

No comments

Post a Comment

Home