जौनपुर। प्राथमिक विद्यालय सिद्दीकपुर के प्रांगण में शिक्षा चौपाल कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल एवं मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख युवा नेता सुनील यादव (मम्मन जी) रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा नन्हे बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत ब्लॉक के एआरपी एवं विद्यालय के सहायक अध्यापक नितांत सौभाग्य द्वारा अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। वहीं विद्यालय की प्रधानाध्यापिका एवं एसएमसी अध्यक्ष द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने विभिन्न शिक्षाप्रद सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें ‘झांसी की रानी’ पर आधारित प्रस्तुति को विशेष सराहना मिली।
विशिष्ट अतिथि डॉ. गोरखनाथ पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए उन्हें मंच पर प्रस्तुति देने हेतु प्रोत्साहित करना आवश्यक है, जिससे उनका व्यक्तित्व विकास हो और वे भविष्य में बेहतर नागरिक बनकर समाज व राष्ट्र की सेवा कर सकें।
मुख्य अतिथि सुनील यादव ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए नारी शक्ति को आगे बढ़ने, निडर होकर समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर ग्राम के सम्मानित गणमान्य नागरिक, अभिभावक, एआरपी, शिक्षक संकुल, न्याय पंचायत के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment