जौनपुर: कम्पोजिट विद्यालय भौरास में धूमधाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव

जौनपुर, 18 अप्रैल 2026। विकास खंड बरसठी के कम्पोजिट विद्यालय भौरास में शनिवार को वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल रहे, जबकि अध्यक्षता श्री राज कुमार दीक्षित (P.E.S) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षक संगठन यूटा के प्रांतीय महामंत्री/जिलाध्यक्ष डॉ. हेमंत सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं स्टाफ ने मुख्य अतिथि, अध्यक्ष और अन्य अतिथियों का बुके, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया तथा ‘स्कूल चलो अभियान’ थीम पर आकर्षक नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. गोरखनाथ पटेल ने विद्यालय में नवनिर्मित ICT लैब का उद्घाटन किया। साथ ही वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, लर्निंग किट और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने उपस्थित अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों से अपील की कि 6 से 14 वर्ष के बच्चों का नामांकन नजदीकी परिषदीय विद्यालयों में अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों में बच्चों को निःशुल्क पुस्तकें, मध्यान्ह भोजन तथा DBT के माध्यम से यूनिफॉर्म, कॉपी व पेन हेतु धनराशि सीधे अभिभावकों के खाते में प्रदान की जाती है।
कार्यक्रम का संचालन यूटा बरसठी ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. अमरेन्द्र सिंह ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक विन्ध्यवासिनी उपाध्याय, यूटा जिला महामंत्री राजकुमार मिश्र, जिला संगठन मंत्री अनुज सिंह, अंकित सिंह, देवेंद्र सिंह, शिव प्रकाश सिंह सहित अनेक शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home