जौनपुर में जाम से राहत: बदलापुर पड़ाव से तूतिपुर तक प्लाटून पुल जनता को समर्पित

जौनपुर। जनपद के शहरी क्षेत्र की जनता को अब जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने जा रही है। गोमती नदी पर बदलापुर पड़ाव से तूतिपुर तक बने प्लाटून पुल (पीपे का पुल) का रविवार को विधिवत लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित कर दिया गया।
खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने पूजा-अर्चना के साथ पुल का उद्घाटन किया। लगभग 66.75 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया गया है।
इस अवसर पर मंत्री श्री यादव ने कहा कि जनपद के बीचों-बीच बहने वाली मां गोमती नदी के कारण शहर दो भागों में विभाजित है। एक ओर आधी आबादी और दूसरी ओर आधी आबादी निवास करती है, जबकि आवागमन के लिए केवल तीन पक्के पुल ही उपलब्ध हैं, जिससे जाम की समस्या बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले सिपाह अचला देवी घाट से मियापुर तक एक प्लाटून पुल बनाया जा चुका है, जो जनता को समर्पित है। अब दूसरे पुल के लोकार्पण से बदलापुर पड़ाव, कटघरा, ताड़तला, मखदूम शाह अढ़न, अबीरगढ़ टोला, तूतिपुर, पानदरीबा और पुरानी बाजार सहित कई मोहल्लों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और जाम से निजात मिलेगी।
मंत्री श्री यादव ने यह भी बताया कि शास्त्री पुल के समानांतर एक नए पक्के पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। कार्य में देरी होने पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से शिकायत की थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुल जल्द ही बनकर तैयार होगा।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव मिश्रा, नगर अध्यक्ष कमलेश निषाद, जिला महामंत्री अजय सिंह, मनीष श्रीवास्तव, सुरेंद्र सिंघानिया, सभासद नंदलाल यादव, विष्णु सेठ, सिपिन सिंह, मुन्ना सिंह, ब्रह्मेश शुक्ला, अभिषेक श्रीवास्तव, दीपु मिश्रा, जय विजय सोनकर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home