जौनपुर। उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर द्वारा स्वदेशी उत्पादों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘रन फॉर स्वदेशी’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य जागरूकता रैली का सफल आयोजन किया गया। यह रैली महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो० आर०बी० कमल के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुई।
रैली का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा आम जनमानस को आत्मनिर्भर भारत की भावना से जोड़ना रहा। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर आसपास के जन-सुविधा क्षेत्रों से होते हुए पुनः कॉलेज परिसर में आकर समाप्त हुई।
इस दौरान प्रतिभागियों ने
“स्वदेशी अपनाओ, देश को मजबूत बनाओ”
“आत्मनिर्भर भारत, सशक्त भारत”
जैसे नारों के माध्यम से लोगों को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य प्रो० आर०बी० कमल ने विशेष रूप से एमबीबीएस छात्रों से आह्वान किया कि वे स्वास्थ्य सेवा के साथ-साथ अपने सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करें और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के प्रति जागरूक करें। उन्होंने रैली के दौरान जन-सुविधा क्षेत्रों में उपस्थित आम नागरिकों से भी स्वदेशी उत्पाद अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। ‘रन फॉर स्वदेशी’ रैली के माध्यम से मेडिकल कॉलेज जौनपुर ने समाज में सकारात्मक संदेश देते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी का परिचय दिया।
इस अवसर पर डीन रिसर्च प्रो० रुचिरा सेठी, प्रो० उमेश सरोज, डॉ० सरिता पाण्डेय, डॉ० आदर्श यादव, डॉ० नवीन सिंह, डॉ० पूजा पाठक, डॉ० रोहित सरोज, डॉ० मतीन अहमद, डॉ० सैयद उस्मान, डॉ० दिग्वेश यादव सहित एमबीबीएस के छात्र-छात्राएं एवं महाविद्यालय के अन्य कर्मचारीगण उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment