जौनपुर, 26 दिसम्बर 2025 माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी ने मुख्यमंत्री आवास से वीर बाल दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य कीर्तन समागम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों—बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह—के अद्वितीय साहस, त्याग एवं बलिदान को नमन करते हुए इसे भारत की सनातन एवं सिख परंपरा की गौरवशाली विरासत बताया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज देश-दुनिया वीर साहिबजादों के बलिदान को श्रद्धा के साथ स्मरण कर रही है। उनका त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया, जहाँ जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सरदार नवनीत सिंह, सतवंत सिंह, गुरमीत सिंह, रंजीत सिंह, सतनाम सिंह, जिऊपाल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल, जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय पाण्डेय, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने कहा कि वीर बाल दिवस हमारे राष्ट्र के लिए अत्यंत संवेदनशील एवं प्रेरणादायी दिवस है। आज के ही दिन गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों ने धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनका बलिदान भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में वीर बाल दिवस को शहीद दिवस के रूप में मनाया जा रहा है, जिसे जनपद जौनपुर में भी हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। यह दिवस हमें धर्म, कर्तव्य और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
वीर बाल दिवस के अवसर पर प्रोबेशन विभाग द्वारा विभिन्न विद्यालयों में स्लोगन एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को जिलाधिकारी द्वारा उपहार एवं सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में बाल संरक्षण अधिकारी चन्दन राय, मुरलीधर गिरी, प्रतिभा सिंह, नीता वर्मा, बबीता, एनसीसी कैडेट्स सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment