जौनपुर, 25 दिसम्बर 2025 जिला प्रशासन के तत्वावधान में मा० सांसद खेल स्पर्धा, जौनपुर (सब-जूनियर/जूनियर/सीनियर वर्ग) का भव्य आयोजन मुख्य अतिथि मा० राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी जी की उपस्थिति में सार्वजनिक इण्टर कालेज मुंगराबादशाहपुर में किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत एथलेटिक्स, कुश्ती, मार्शल आर्ट, कबड्डी, वॉलीबाल एवं बैडमिंटन जैसी विभिन्न खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। स्पर्धा में जनपद के विभिन्न विकास खण्डों एवं शिक्षण संस्थानों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मा० सांसद राज्यसभा श्रीमती सीमा द्विवेदी जी ने सांसद खेल स्पर्धा प्रतियोगिता के समापन के अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि खेल स्पर्धा का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना का विकास, प्रतिभाओं की पहचान एवं उन्हें आगे बढ़ने के लिए मंच प्रदान करना है। प्रदेश सरकार की मंशा है कि देश का युवा खेले, शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक रूप से स्वस्थ रहे। उन्होंने कहा कि आज गांव से लेकर जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक खेलों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र व राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आज के आयोजनों में यह स्पष्ट दिखाई देता है कि कोई बच्चा दौड़ में, कोई वॉलीबाल में, तो कोई फुटबॉल जैसे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। इन आयोजनों का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर छिपी प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। युवाओं को समझना, पहचानना और उन्हें सही मंच देना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि हमारा युवा खेलेगा व स्वस्थ रहेगा तो देश का भविष्य और भी सशक्त होगा।
मा० राज्यसभा सांसद जी ने पारंपरिक खेलों जैसे कुश्ती, दंगल, वॉलीबाल आदि का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि इन खेलों को प्रोत्साहन और सहयोग मिले तो हमारे खिलाड़ी ब्लॉक स्तर से लेकर जिला, प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक, यहां तक कि ओलंपिक खेलों में भी देश का नाम रोशन कर सकते हैं। अपने उद्बोधन के अंत में उन्होंने कहा कि आज का दिन विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि आज पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी का जन्मदिवस है। इस अवसर पर उन्होंने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया और युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और ऐसे आयोजनों से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में जिला प्रशासन, युवा कल्याण एवं खेल विभाग तथा संबंधित शिक्षण संस्थानों का विशेष सहयोग रहा। समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं खेल प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
No comments
Post a Comment