निपुण आकलन में जौनपुर प्रदेश में प्रथम, डीएम ने दी बधाई

जौनपुर, 29 दिसम्बर 2025।जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की डीटीएफ समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने अवगत कराया कि निपुण आकलन परिणाम में जनपद जौनपुर ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए निर्देश दिया कि इस उत्कृष्ट प्रदर्शन को निरंतर बनाए रखा जाए।
बैठक में विद्यालयों में बच्चों व शिक्षकों की उपस्थिति, अधिकारियों द्वारा विद्यालय निरीक्षण तथा शैक्षणिक गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए रजाई, गद्दा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ रहे तथा मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता उच्च स्तर की हो। बच्चों को एमडीएम में हरी सब्जियों की अनिवार्य आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे उनके पोषण स्तर में सुधार हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाड़िया, संबंधित एबीएसए एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home