रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों एवं बिजली बिल में अतिरिक्त भार के विरोध में पीस पार्टी ने सौंपा ज्ञापन

जौनपुर, 17 जून 2026। पीस पार्टी जौनपुर के जिला अध्यक्ष मोहम्मद असलम अंसारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी जौनपुर के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार को संबोधित ज्ञापन सौंपकर बढ़ती महंगाई, ईंधन की कीमतों तथा बिजली बिल में अतिरिक्त भार के मुद्दे पर चिंता व्यक्त की।
ज्ञापन में कहा गया कि घरेलू रसोई गैस, पेट्रोल एवं डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है। इसका सबसे अधिक प्रभाव गरीब, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारियों तथा परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों पर पड़ रहा है। ईंधन की कीमतों में वृद्धि के कारण आवश्यक वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
पीस पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में डीजल की उपलब्धता प्रभावित होने की शिकायतें मिल रही हैं, जिससे किसानों, ट्रांसपोर्टरों एवं छोटे व्यवसायियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही बिजली उपभोक्ताओं पर फ्यूल एवं पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज (एफपीपीएएस) के माध्यम से अतिरिक्त आर्थिक भार डाले जाने का भी विरोध किया गया।
ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने घरेलू गैस के दाम कम करने, पेट्रोल-डीजल पर करों की समीक्षा करने, डीजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने, बिजली बिल पर लगाए गए अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज को वापस लेने अथवा कम करने तथा किसानों एवं निम्न आय वर्ग के उपभोक्ताओं को विशेष राहत देने की मांग की।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मोहम्मद असलम अंसारी ने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है और सरकार को जनहित में तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारी से मांगों को संबंधित सरकारों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया।

No comments

Post a Comment

Home