समर्थ पोर्टल पर सुझाव देने में जौनपुर शीर्ष पर — जिलाधिकारी ने की जनसहयोग की अपील

जिलाधिकारी के कुशल मार्गदर्शन में जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण
जौनपुर, 27 अक्टूबर 2025  जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के कुशल नेतृत्व और प्रभावी निर्देशन में जौनपुर जनपद ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है। शासन के “समर्थ पोर्टल” पर जनसहभागिता और रचनात्मक सुझावों के मामले में जौनपुर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है।
समर्थ पोर्टल के माध्यम से शासन की नीतियों, योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन हेतु नागरिकों से रचनात्मक एवं व्यवहारिक सुझाव प्राप्त किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के मार्गदर्शन में प्रशासनिक टीम द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप आम नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों तथा विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक अपने सुझाव पोर्टल पर दर्ज किए।
जिलाधिकारी ने कहा कि “जनसहभागिता के बिना सुशासन की परिकल्पना अधूरी है। समर्थ पोर्टल नागरिकों की आवाज़ को सीधे शासन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम बन गया है।”
उन्होंने बताया कि सभी विभागों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों एवं शैक्षणिक संस्थानों को समर्थ पोर्टल पर सक्रिय भागीदारी के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। इसके फलस्वरूप बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, बुनियादी ढांचे, और डिजिटल शासन से संबंधित सार्थक सुझाव दिए हैं, जिनकी बदौलत जौनपुर प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान पर पहुंचा।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को इस सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि इसी तरह सकारात्मक सुझाव और सक्रिय सहभागिता भविष्य में भी जारी रहे, ताकि जौनपुर विकास की नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर सके।
उन्होंने आगे कहा कि समर्थ पोर्टल पर शिक्षा, कृषि, नवाचार, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य आदि कुल 12 प्रमुख सेक्टरों से संबंधित सुझाव आमजन दे सकते हैं।
नागरिक समर्थ पोर्टल पर डेस्कटॉप अथवा लैपटॉप का उपयोग करते हुए http://samarthuttarpradesh.up.gov.in पर बिना लॉगइन किए अपने सुझाव दर्ज कर सकते हैं।

No comments

Post a Comment

Home