तंबाकू मुक्त युवा अभियान का सफल आयोजन
उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में हुआ कार्यक्रम
जौनपुर। उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में “तंबाकू मुक्त युवा अभियान” का आयोजन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डाॅ.) आर. बी. कमल के दिशा-निर्देशन में अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह अभियान मनोचिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ. विनोद वर्मा तथा सामुदायिक चिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ. मुदित चौहान के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रो. (डाॅ.) आर. बी. कमल के प्रेरक उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि “युवा पीढ़ी देश का भविष्य है, यदि हम उन्हें तंबाकू जैसी घातक आदतों से बचा लें तो एक स्वस्थ और सशक्त भारत का निर्माण संभव है।”
उन्होंने विद्यार्थियों, चिकित्सकों एवं स्टाफ से आह्वान किया कि वे समाज में तंबाकू निषेध के लिए जागरूकता फैलाने में अग्रणी भूमिका निभाएँ।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डाॅ.) ए. ए. जाफरी ने अपने संबोधन में तंबाकू सेवन से उत्पन्न कैंसर, हृदय एवं फेफड़ों के रोगों के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “तंबाकू का सेवन केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के लिए आर्थिक और स्वास्थ्यगत बोझ बनता है।” उन्होंने युवाओं को प्रेरित किया कि वे “स्वस्थ रहें और दूसरों को भी स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करें।”
डाॅ. विनोद वर्मा ने तंबाकू सेवन के मानसिक एवं व्यवहारिक प्रभावों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि व्यसन एक मानसिक रोग का रूप ले सकता है, अतः प्रारंभिक परामर्श और सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
वहीं डाॅ. मुदित चौहान ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण केवल स्वास्थ्य का नहीं, बल्कि एक सामाजिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्राम स्तर पर निरंतर जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में डाॅ. चंद्रभूषण सिंह पटेल, डाॅ. विनोद कुमार, डाॅ. चंद्रभान, डाॅ. नवीन सहित अन्य चिकित्सकगण, छात्र-छात्राएँ, मरीज एवं उनके तीमारदार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सभी ने “तंबाकू मुक्त जीवन – स्वस्थ जीवन” का संकल्प लिया एवं तंबाकू निषेध की शपथ ग्रहण की।
No comments
Post a Comment