मा. कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने मत्स्य पालकों के कल्याण हेतु योजनाओं की समीक्षा की
जौनपुर, 22 सितम्बर 2025: मा. कैबिनेट मंत्री, मत्स्य विभाग, उ.प्र. डॉ. संजय निषाद जी ने निरीक्षण भवन, लोनीवि जौनपुर में मत्स्य विभाग से संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र मत्स्य पालक और मछुआरों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
डॉ. संजय निषाद ने कहा कि मा. प्रधानमंत्री जी के निर्देशानुसार मछुआ समाज के लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को किसान क्रेडिट कार्ड के लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें लाभ दिलाने, महिलाओं को भी योजनाओं से जोड़ने और सेवा पखवाड़े के दौरान कैंप लगाकर योजनाओं का प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए।
बैठक में मत्स्य पालकों के लिए पीएम मत्स्य संपदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, सामूहिक दुर्घटना बीमा योजना तथा मछुआ कल्याण कोष से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी दी गई। मंत्री जी ने यह भी कहा कि ऐसे मत्स्य पालक जिनके आयुष्मान कार्ड अभी नहीं बने हैं, उनके कार्ड शीघ्र बनवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
विभागीय अधिकारियों को मछुआरों को प्रशिक्षण और बीमा उपलब्ध कराने के लिए विशेष निर्देश दिए गए। इसके अलावा, मत्स्य पालकों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है ताकि सभी पात्र लाभार्थियों को संतृप्त किया जा सके।
इस अवसर पर मा. विधायक शाहगंज श्री रमेश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, मत्स्य अधिकारी शाहिद जमाल सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment