जौनपुर : डीआईजी वाराणसी ने किया महिला शक्ति केन्द्र का निरीक्षण, दिए अहम निर्देश

(सोहराब)
जौनपुर, 25 सितम्बर 2025। वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री वैभव कृष्ण ने आज थाना-जफराबाद स्थित महिला शक्ति केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक जौनपुर डॉ० कौस्तुभ भी मौजूद रहे।
निरीक्षण उपरान्त पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षकों, क्षेत्राधिकारियों एवं जनपद के सभी थानों के महिला शक्ति केन्द्र प्रभारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें डीआईजी महोदय ने मिशन शक्ति कार्यक्रम को जन-आंदोलन का रूप देने हेतु कई दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों व वार्ड स्तर पर नियमित कार्यक्रम आयोजित हों, महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए तथा महिला पुलिस कर्मियों को बीसी सखी, लेखपाल, प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, एएनएम व आशा वर्कर से समन्वय कर महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के बारे में जागरूक करना होगा।
डीआईजी ने पूजा पंडालों में महिला चौपाल, संवेदनशील क्षेत्रों में एण्टी रोमियो स्क्वाड की सक्रियता, बहादुरी दिखाने वाली महिलाओं का सम्मान, महिलाओं एवं बच्चियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, फुट पेट्रोलिंग व पीआरवी की गश्त, महिला सुरक्षा संबंधी जनपदीय कॉन्फ्रेंस और नवस्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों में महिलाओं को आमंत्रित कर उनके उद्देश्यों से अवगत कराने जैसे निर्देश भी दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला सम्बन्धी अपराधों के निस्तारण हेतु निर्धारित अभिलेखों और एसओपी का पालन अनिवार्य है। श्री वैभव कृष्ण ने कहा कि “मिशन शक्ति अभियान महिलाओं के सम्मान और स्वावलम्बन की दिशा में पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसका उद्देश्य है कि हर महिला खुद को सुरक्षित और सशक्त महसूस करे।”

No comments

Post a Comment

Home