सेवा पखवाड़े की शुरुआत : मंत्री ए.के. शर्मा ने चौकिया धाम में झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
जौनपुर, 17 सितम्बर 2025। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर सेवा पखवाड़ा की शुरुआत आज से पूरे देश में की गई, जो 2 अक्टूबर तक चलेगा। इसी क्रम में जौनपुर में पहले दिन नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा प्रभारी मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने चौकिया धाम परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया।
मेडिकल कॉलेज में कार्यक्रम
राजकीय उमानाथ सिंह स्वशासी मेडिकल कॉलेज में आयोजित स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ मंत्री श्री ए.के. शर्मा के कर-कमलों से हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी ने की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्री पुष्पराज सिंह, जिलाधिकारी डा. दिनेश सिंह, पुलिस अधीक्षक डा. कौस्तुभ, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया समेत अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
मंत्री जी ने यहां टीबी मरीजों को पोषण पोटली, आयुष्मान कार्ड लाभार्थियों को कार्ड तथा छात्रों को टैबलेट वितरित किए। उन्होंने नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी कराई।
प्रधानमंत्री को दी बधाई
मंत्री श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस पर उनके दीर्घायु होने की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत प्रतिदिन सशक्त हो रहा है। उन्होंने स्वच्छता और सेवा का संकल्प लेने की अपील की। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने भी महिलाओं को स्वास्थ्य शिविर में अवश्य जांच कराने का संदेश दिया।
अन्य जनप्रतिनिधियों का संबोधन
मडियाहूं विधायक डा. आर.के. पटेल, शाहगंज विधायक श्री रमेश सिंह और एमएलसी ब्रजेश सिंह ‘प्रिन्सू’ ने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं और अपने विचार रखे।
जिलाधिकारी का संदेश
जिलाधिकारी ने कहा कि सेवा पखवाड़े के दौरान जिलेभर में विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति सशक्त होगी तभी देश सशक्त होगा।
स्वच्छता और रक्तदान
मंत्री जी ने चौकिया धाम में सफाई कर्मियों को सम्मानित किया और पौधे वितरित किए। उन्होंने जिला अस्पताल में रक्तदान करने वाले स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर शाहगंज विधायक श्री रमेश सिंह ने रक्तदान भी किया।
विशिष्ट उपस्थिति
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्या, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. लक्ष्मी सिंह, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य और बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. गोरखनाथ पटेल सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment