जिलाधिकारी ने किया आईसीटी लैब का उद्घाटन, बच्चों से किया संवाद
जौनपुर, 22 सितम्बर 2025 शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन जनपद के जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने विकास खंड शाहगंज क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय सबरहद में आईसीटी लैब का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने डिस्कवरी लैब का अवलोकन किया और बच्चों से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उन्हें फल वितरित कर प्रोत्साहित भी किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने राज्य पुरस्कार से सम्मानित अध्यापक अशोक सोनकर तथा ग्राम प्रधान मुकेश राजभर को अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने जनपद के समस्त ग्राम प्रधानों एवं प्रधानाध्यापकों से अपील की कि कम्पोजिट विद्यालय सबरहद से प्रेरणा लेकर अपने-अपने विद्यालयों को उत्कृष्ट श्रेणी में लाने का प्रयास करें।
डॉ. चंद्र ने इस दौरान आंवले के पौधों का वितरण भी किया और इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आंवला विटामिन-सी का प्रमुख स्रोत है, जो शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में सहायक है। उन्होंने निर्देश दिया कि मिड-डे-मील में करौंदे और आंवले का अचार तथा स्थानीय हरी सब्जियों को भी शामिल कर बच्चों के पोषण स्तर को बेहतर बनाया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे भारत का भविष्य हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य और संस्कार युक्त शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय परिसर की हरियाली और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था देखकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल सहित सभी शिक्षकों और ग्राम प्रधान की सराहना की।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल, तहसीलदार शाहगंज, खंड शिक्षा अधिकारी, डीसी एमडीएम अरुण मौर्य समेत अन्य अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment