नवरात्रि पर्व पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, जौनपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट

नवरात्रि पर्व पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, जौनपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट
(सोहराब)
जौनपुर, 20 सितम्बर। 22 सितम्बर से शुरू हो रहे नवरात्रि पर्व और दशहरा को लेकर जौनपुर पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि जिले के सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि जनपद का प्रत्येक नागरिक और श्रद्धालु त्योहारों को शांति, सौहार्द और सुरक्षित माहौल में मना सके।
एसपी ने जानकारी दी कि जनपद में इस बार लगभग 2200 दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना होगी। सभी पंडालों की सुरक्षा के लिए नोडल आरक्षी तैनात किए जा रहे हैं। प्रत्येक पंडाल में पुलिस हेल्पलाइन नंबर अंकित फ्लेक्सी बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क किया जा सके।
उन्होंने बताया कि पिछले पाँच वर्षों से जिले में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या संवेदनशील स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है। यह पुलिस-प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम है। इस बार भी पुलिस ने सभी धर्म-समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान किया है।
एसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला पुलिसकर्मी भी तैनात होंगी। सभी प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए अलग से प्लान तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार इस बार 50 नए पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक व्यवस्था में लगाया गया है। साथ ही 10 मोबाइल यूनिट तैनात की गई हैं जो लगातार गश्त करेंगी। ट्रैफिक को लेकर पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो।
एसपी ने जनता से अपील की है कि त्योहारों के दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस हर पल सतर्क है और सभी की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

No comments

Post a Comment

Home