श्रीअरविंद अध्ययन केंद्र में पाँच दिवसीय कौशल विकास कार्यक्रम सम्पन्न
जौनपुर। श्रीअरविंद अध्ययन सोसाइटी के सहयोग से श्री अग्रसेन कन्या पी.जी. कॉलेज, परमानंदपुर स्थित श्रीअरविंद अध्ययन केंद्र (यू०सी०08) में आयोजित पाँच दिवसीय कौशल विकास कार्यक्रम का समापन रविवार को गरिमामय वातावरण में हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आर्य महिला पी.जी. कॉलेज वाराणसी की सेवानिवृत्त प्रो. बृजबाला, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के फ्रेंच विभाग के प्रो. अखिलेश कुमार तथा डॉ. सगधरा शर्मा उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर छात्राओं द्वारा बनाए गए क्राफ्ट प्रदर्शित किए गए और पाँच दिनों की गतिविधियों का वीडियो प्रस्तुतीकरण किया गया। अतिथियों ने छात्राओं की रचनात्मकता और उत्साह की सराहना की।
अधिष्ठाता प्रशासन प्रो. आभा सक्सेना ने कहा कि यह पहल छात्राओं को आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करेगी। प्राचार्य एवं केंद्र की समन्वयक प्रो. मिथिलेश सिंह ने कहा कि “learning by doing” की पद्धति से छात्राओं को व्यावहारिक शिक्षा मिली है।
मुख्य अतिथि प्रो. बृजबाला सिंह ने कार्यक्रम को श्रीमां से प्रेरित बताते हुए कहा कि छात्राओं की आध्यात्मिक चेतना और उनकी कलाकृतियाँ एक गहरी साधना का रूप हैं। प्रो. अखिलेश कुमार ने छात्राओं को संदेश दिया कि कौशल विकास के साथ-साथ आचरण की शुद्धता भी उनके व्यक्तित्व को वैश्विक स्तर तक ले जा सकती है।
कार्यक्रम की संयोजिका एवं सह-समन्वयक डॉ. उषा बालचंदानी ने कुशल संचालन किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने किया। विशेष सहयोग श्रीमती माधुरी यादव का रहा, जबकि प्रशिक्षण श्रीमती पूजा शर्मा ने प्रदान किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्राएँ और शिक्षकगण उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment