पहितियापुर स्कूल बंद होने पर ग्रामीणों ने खुद पढ़ाना शुरू किया, आंदोलन छठवें दिन भी जारी

पहितियापुर स्कूल बंद होने पर ग्रामीणों ने खुद पढ़ाना शुरू किया, आंदोलन छठवें दिन भी जारी
 जौनपुर बदलापुर विकासखंड के पहितियापुर गांव में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय को बंद किए जाने के विरोध में ग्रामीणों का आंदोलन छठवें दिन भी जारी रहा। शिक्षा के अधिकार और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित ग्रामीणों ने नए सत्र के पहले दिन स्कूल परिसर को गुब्बारों से सजाया और बच्चों के साथ मिलकर स्वयं पढ़ाई शुरू कर दी।

इस दौरान आयोजित प्रार्थना सभा में बच्चों ने भगवान से नहीं, सरकार से प्रार्थना की कि उनका स्कूल बंद न किया जाए। स्कूल बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा प्रदेशभर में करीब 5000 स्कूलों को बंद या मर्ज किया जा रहा है, जो ग्रामीण और गरीब बच्चों के शिक्षा के अधिकार के साथ अन्याय है।

गांव के पढ़े-लिखे युवाओं ने शिक्षकों की भूमिका निभाते हुए बच्चों की पढ़ाई का जिम्मा उठाया है। ग्रामीणों ने सरकार से पूर्व माध्यमिक विद्यालय, पहितियापुर को बंद न करने और विद्यालय संचालन को पूर्ववत रखने की मांग की है।

संविधान के अनुच्छेद 45 और 21A का हवाला देते हुए ग्रामीणों ने सरकार पर मौलिक अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाया। आंदोलन के समर्थन में शिशिर कुमार दूबे, अशोक खरवार, संजय यादव, मनीष मिश्रा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


No comments

Post a Comment

Home