जौनपुर: जनपद के 57 परिषदीय विद्यालयों का हुआ पेयरिंग, 1 जुलाई से होगा संचालन
जौनपुर, 27 जून 2025 — शिक्षा विभाग द्वारा जनपद में विद्यालयों की गुणवत्ता और संसाधनों के समुचित उपयोग को ध्यान में रखते हुए प्रथम चरण में 57 परिषदीय विद्यालयों की पेयरिंग की गई है। इनमें 39 प्राथमिक विद्यालय एवं 18 उच्च प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने जानकारी दी कि शासन की मंशा के अनुरूप, ऐसे विद्यालय जहां छात्रों की संख्या अपेक्षाकृत कम है, उन्हें समीपवर्ती विद्यालयों में मर्ज करते हुए उनके संसाधनों का सामूहिक रूप से उपयोग किया जाएगा। यह प्रक्रिया जनहित और छात्रहित को ध्यान में रखकर की गई है, जिसमें अभिभावकों, विद्यालय प्रबंध समितियों तथा जन समुदाय की सहमति, साथ ही संबंधित विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी के प्रस्ताव और संस्तुति, तथा जिलाधिकारी महोदय के अनुमोदन के बाद यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक 1 जुलाई 2025 से पेयरिंग हुए विद्यालयों में अध्ययन-अध्यापन शुरू करेंगे।
इस क्रम में द्वितीय चरण की पेयरिंग प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से 28 जून तक प्रस्ताव मांगे गए हैं, ताकि अगला चरण शीघ्र पूर्ण किया जा सके।
यह कदम शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

No comments
Post a Comment