जॉर्जिया में बजा जौनपुर का डंका, डॉ. रॉबिन सिंह को मिला ‘यंग एम्बेसडर मेडिक्स-2’ अवॉर्ड
घुटना प्रत्यारोपण पर दिए प्रभावशाली व्याख्यान, विश्व प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. निखिल जैन ने किया सम्मानित
जौनपुर जिले के युवा अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. रॉबिन सिंह ने विदेश में भारत का नाम रोशन करते हुए जिले को अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवांवित किया है। जॉर्जिया में 22 जून को आयोजित तीन दिवसीय वैश्विक चिकित्सा सम्मेलन में उन्हें मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया था, जहां उन्होंने घुटना प्रत्यारोपण (Knee Replacement) विषय पर व्याख्यान दिया। सम्मेलन में विभिन्न देशों के प्रतिष्ठित डॉक्टरों की उपस्थिति में डॉ. सिंह ने अपने विषय की गहरी समझ और अनुभव साझा कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सम्मेलन के अंतिम दिन उन्हें “Young Ambassador – MEDICS-2” अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जो उन्हें विश्व प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. निखिल जैन के हाथों प्रदान किया गया। यह उपलब्धि जौनपुर के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि पहली बार किसी युवा डॉक्टर ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर जिले का प्रतिनिधित्व किया है।
डॉ. रॉबिन सिंह, विश्व रिकॉर्डधारी डायबिटीज़ विशेषज्ञ डॉ. हरेंद्र देव सिंह के सुपुत्र हैं। जहां उनके पिता हृदय रोग के क्षेत्र में निरंतर नवाचार कर रहे हैं, वहीं डॉ. रॉबिन अस्थि रोग में अपने अभूतपूर्व शोध और जटिल सर्जरियों के लिए जाने जाते हैं। उनके द्वारा स्थापित कृष्णा ट्रॉमा एंड जॉइंट रिप्लेसमेंट सेंटर जौनपुर ही नहीं, बल्कि पूर्वांचल के लोगों के लिए नई उम्मीद बनकर उभरा है।
जॉर्जिया से वापसी के बाद वाराणसी एयरपोर्ट पर उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने फूल मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया और कार रैली के रूप में उन्हें जौनपुर तक लाया गया। उनके अस्पताल में उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
इस विशेष उपलब्धि पर डॉ. रॉबिन सिंह ने कहा, “यह सम्मान न सिर्फ मेरा बल्कि पूरे जनपद का है। इसका श्रेय मैं अपने पिता डॉ. हरेंद्र देव सिंह और जौनपुर की जनता को देता हूं, जिनका निरंतर सहयोग और विश्वास मुझे प्रेरणा देता है।”

No comments
Post a Comment