jaunpur: शहीद राजेश के नाम पर बनने वाले स्मृति द्वार के निर्माण में विलम्ब क्योंः सुधांशू सिंह

जौनपुर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा शाखा का एक प्रतिनिधिमण्डल शनिवार को राज्य सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव से मिला। इस दौरान महासभा ने अमर शहीद राजेश सिंह के नाम पर बनने वाले स्मृति द्वार के निर्माण में होने वाले विलम्ब पर चर्चा किया। इस मौके पर महासभा के प्रदेश प्रवक्ता सुधांशु सिंह ने कहा कि क्या कारण है कि अब तक शहीद के नाम पर द्वार का निर्माण नहीं हो पाया जबकि द्वार के निर्माण के लिये धन पिछली ही सरकार में आवंटित हो चुका है। इस बात पर मंत्री श्री यादव ने आश्वस्त किया कि 10 दिनों के अंदर निर्माण कार्य प्रारम्भ हो जायेगा। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी को विशेष रुप से निर्देशित किया गया है। साथ ही जनसमस्याओं के सम्बन्ध में सुधांशु सिंह ने यह भी कहा कि प्रशासनिक अधिकारी फोन करने पर रिसीव नहीं करते हैं। सरकारी नम्बर आम जनता के लिये है। कृपया इस पर ध्यान दिया जाय। इस पर मंत्री जी ने आश्वस्त किया कि इस बात पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। मंत्री जी के आश्वासन पर महासभा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि यदि 15 दिनों के अंदर द्वार का निर्माण कार्य प्रारम्भ नहीं हुआ तो महासभा सर्वसमाज के साथ शहीद के सम्मान में आंदोलन करने को बाध्य हो जायेगा। इस अवसर पर राहुल सिंह, सन्नी सिंह, राज, अनुपम सिंह, आशुतोष सिंह, राजू सिंह, मोहित सिंह सहित महासभा के दर्जनों पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

No comments

Post a Comment

Home