केराकत में लगी चौपाल में दी गयी सरकारी योजनाओं की जानकारी

जौनपुर। केराकत क्षेत्र के कटहरी गांव में जन चौपाल लगाया गया जहां केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की उपस्थित लोगों को जानकारी दी गयी। इस मौके पर मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, विद्यृतीकरण सहित कई योजनाओं पर प्रकाश डालते हुये कहा कि सरकार सबका साथ सबका विकास के नारे पर अमल करते हुये समाज के सभी वर्ग के लोगों के लिये बगैर किसी भेदभाव के कार्य कर रही है। कार्यक्रम का संचालन करते हुये प्रधानपति विजय सिंह ने गांव में कराये गये चौमुखी विकास कार्यों की चर्चा किया। साथ ही कहा कि 113 चयनित लाभार्थियों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 43 लोगों को आवास मिल चुका है। उज्ज्वला योजना के तहत 80 लोगों को गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराये जा चुके हैं। इसी प्रकार 45 लोगों को वृद्धा पेंशन एवं 12 लोगों को विधवा पेंशन स्वीकृत कराया जा चुका है। साथ ही उन्होंने गांव के दलित बस्ती में विद्युतीकरण कराने, बेलांव-कटहरी मार्ग का पिच सड़क का निर्माण कराने, जल निकासी हेतु पक्की नाली के निर्माण कराने एवं पेयजल संकट से निजात दिलाने हेतु गांव में पानी की टंकी का निर्माण कराने की मांग रखा जिस पर मुख्य अतिथि ने शासन-प्रशासन व जनप्रतिनियों से पूरा कराने का आश्वासन दिया। अन्त में प्रधान रेनुका विजय सिंह द्वारा गांव में किये जा रहे विकास कार्यों का संचालन व देख-रेख करने वाले जनार्दन राम को उपहार स्वरूप नयी हीरो होण्डा मोटरसाइकिल दिया जिसकी चाभी मुख्य अतिथि श्री श्रीवास्तव ने श्री राम को सौंपा। इस अवसर पर जितेन्द्र सिंह, नोडल अधिकारी नागेन्द्र यादव, एडीओ एजी लाल बहादुर सरोज, अजय मौर्य सहित तमाम लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मण्डल अध्यक्ष सदानन्द राय ने किया।

No comments

Post a Comment

Home