मरीज के उपचार में लापरवाही बरतने वाले चिकित्सा अधीक्षक व फार्मासिस्ट के विरूद्ध मुकदमा दर्ज

जौनपुर। मरीज व परिजनों के साथ दुर्व्यवहार करने एवं उपचार में लापरवाही बरतते हुये एस्पाइरी डेट की दवा का उपयोग करने के मामले में मछलीशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सा अधीक्षक डा. मो. रफीक फारुखी व फार्मासिस्ट अच्छे लाल पटेल के विरूद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। बता दें कि बीते सोमवार को कस्बे के कजियाना निवासी विपिन मौर्या की बहन ममता मौर्या को डायरिया होने पर उक्त केन्द्र पर भर्ती कराया गया। ड. आरपी विश्वकर्मा ने जांचोपरांत मरीज को भर्ती करने को कहा। वार्ड में बिछी गन्दी चादर बदलने की लेकर चिकित्सा अधीक्षक ने मरीज सहित परिजनों से नोक-झोंक किया। इसके बाद चिकित्सक की पर्ची पर फार्मासिस्ट ने द्वेषवश मरीज को कालातीत अवधि (स्पायरी डेट) की दवा दे दी। जब मरीज की हालत बिगड़ने लगी तो चिकित्सकों ने दूसरी दवा देकर किसी तरह स्थिति नियंत्रित किया। इसी बीच भाजपा नेताओं के पहुंचने के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इसकी जानकारी दूरभाष के माध्यम से जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिया तो अधीक्षक को फटकार लगायी। वहीं मरीज को जिला अस्पताल के लिये रेफर कर दिया गया। इस मामले में परिजनों ने मछलीशहर कोतवाली में लिखित तहरीर दिया जिस पर चिकित्सा अधीक्षक व फार्मासिस्ट के विरूद्ध भा.दं.सं. 324, औषधि व प्रसाधन सामग्री अधिनियम 24 व 25 के तहत मुकदमा दर्ज हो गया।

No comments

Post a Comment

Home