बसौली में अधेड़ की संदिग्धवस्था में हुई मौत से प्रशासन हलाकान

जौनपुर। सरपतहां स्थानीय थाना क्षेत्र के बसौली गांव में श्रीराम बिन्द 50 वर्ष की संदिग्धवस्था में हुई मौत ने पुलिस प्रशासन की बेचैनी बढ़ा दी है। इसको लेकर जहां निरूत्तर दिख रहे थानेदार, वहीं गांव की बिगड़ती स्थिति को देखते हुये पुलिस व पीएसी के जवान को तैनात कर दिया गया है। बता दें कि उक्त गांव में बीते 1 जून की रात निमंत्रण में गये दो पक्ष के लोगों से विवाद हो गया था जिसमें बिन्द पक्ष के लोगों ने यादव पक्ष के दो युवकों को पीटकर घायल कर दिया था। घटनाक्रम में अगले ही दिन दर्जनों की संख्या में यादव पक्ष के लोग बिन्द बस्ती में घुस आये और फायरिंग करते हुये गांव में दहशत फैला दिये। इतना ही नहीं, मौके पर मिले बूढ़ों, महिलाओं एवं युवकों को पीटकर जख्मी भी कर दिये। द्विपक्षीय विवाद के मद्देनजर पुलिस उभय पक्ष से अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। गांव में शान्ति एवं सुरक्षा की दृष्टि से 2 जून को ही पीएसी व पुलिस के जवानों की तैनाती की गयी थी। इसी बीच शुक्रवार की सुबह उक्त गांव से एक अधेड़ की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ-पांव फूल गये। प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ भारती मयफोर्स मौके पर पहुंच गये जहां मृतक की पत्नी शिवकुमारी ने बताया कि मेरे पति रात में भोजन करने के उपरांत सो गये थे। सुबह लगभग 5 बजे जब उन्हें जगाने गयी तो देखा कि बिस्तर पर उनका निष्प्राण शरीर पड़ा था। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर अन्त्यपरीक्षण हेतु भेज दिया और मृतक की पत्नी की तहरीर पर आवश्यक कार्यवाही भी शुरू कर दिया। घटना की खबर मिलते ही प्रभारी क्षेत्राधिकारी विनय द्विवेदी, शाहगंज कोतवाल प्रशांत श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक खुटहन शिवशंकर सिंह मयफोर्स मौके पर पहुंच गये। सांसद रामचरित्र निषाद व डा. केपी सिंह ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर न्याय एवं सुरक्षा का भरोसा दिलाया। सांसद के पहुंचते ही पीड़ित परिवार के साथ गांव वालों ने पुलिस पर निष्क्रियता व एकपक्षीय कार्यवाही का आरोप लगाया। मृतक की पुत्री ने कहा कि पूर्व विवाद के क्रम में मेरे पिता की हत्या की गयी है और पुलिस जबरदस्ती स्वाभाविक मौत की तहरीर लेकर खानापूर्ति कर रही है। ग्राम प्रधान प्रमोद सिंह ने भी पुलिस के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली तथा एकपक्षीय कार्यवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुये सांसद ने थानाध्यक्ष को फटकार लगायी। फिलहाल श्रीराम की मौत अभी तक अबूझ पहेली बनी हुई है लेकिन पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई का पर्दा उठ जायेगा।

No comments

Post a Comment

Home