तबादला होने के बाद भी अंगद की पांव बना हुआ है बीएसए कार्यालय का चर्चित बाबू

जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में तैनात बहुचर्चित बाबू शासन स्तर से तबादला होने के बाद भी अभी तक जमा हुआ है जिसके बारे में चर्चाएं हैं कि ऊंची पहुंच होने का फायदा उठाते हुये वह अपना तबादला रोकवाने के चक्कर में है। इस मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की भूमिका भी संदिग्ध नजर आ रही है। बता दें कि कार्यालय शिक्षा निदेशक उत्तर प्रदेश इलाहाबाद द्वारा बीते 30 मई को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से पता चला कि जौनपुर के बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में तैनात चर्चित प्रधान सहायक विजय शंकर सहित कुल 22 लोगों का तबादला हुआ है। यह स्थानान्तरण जनहित के मद्देनजर किया गया है जिस पर अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) उत्तर प्रदेश कीर्ति गौतम और सहायक शिक्षा निदेशक (सेवा-2) स्वराज भूषण त्रिपाठी के सहमति की मुहर भी लग गयी है। बावजूद इसके प्रधान सहायक विजय शंकर अभी भी जौनपुर के कार्यालय में डटा हुआ है जिसको लेकर चर्चाएं हैं कि वह अपना तबादला रोकवाने की फिराक में है। बता दें कि तबादला सूची जारी होने के साथ एक सख्त आदेश भी जारी हुआ है कि एक सप्ताह के अन्दर अपने नवीन जनपद में जाकर कार्यभार ग्रहण कर लें लेकिन इसका खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। पर्दे के पीछे से विभाग व विद्यालय संचालकों के बीच साठ-गांठ करने में माहिर प्रधान सहायक विजय शंकर का तबादला कार्यालय जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान देवरिया में लेखाकार के पद पर हुआ है। मालूम हो कि उक्त चर्चित बाबू पिछले 18 वर्षों से एक ही मण्डल में कार्यरत है जो शासनादेश का खुला उल्लंघन है। फिलहाल अब देखना यह है कि एक सप्ताह पूर्व हुये तबादले का कितना पालन होता है?

No comments

Post a Comment

Home