मामूली विवाद को लेकर उपद्रवियों ने घर पर चढ़कर की फायरिंग

जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के उपाध्यायपुर गांव में अराजक तत्वों द्वारा दरवाजे पर पहुंचकर फायरिंग करने की घटना प्रकाश में आयी है। घटना के सम्बन्ध में पीड़ित द्वारा थाने पर लिखित तहरीर दे दी गयी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी अनुपम शर्मा पुत्र प्रदीप शर्मा बीती शाम पट्टीनरेन्द्रपुर बाजार में स्थित गुड्डू उपाध्याय की दुकान पर मिठाई खरीदने गये जहां किसी बात को लेकर दोनों में मामूली विवाद हो गया। पीड़ित के अनुसार उसी विवाद को लेकर प्रद्युम्न उपाध्याय पुत्र रामचन्द्र बीती रात लगभग 11 बजे 10-12 लोगों के साथ घर के दरवाजे पर गया और गाली देते हुये फायरिंग करना शुरू कर दिया। घटना के सम्बन्ध में पीड़ित द्वारा तत्काल थाने पर सूचना दी गयी जिस पर प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ भारती मयफोर्स मौके पर पहुंच गये। पुलिस के पहुंचने से पहले ही उपद्रवी मौके से फरार हो गये। बताया गया कि घटनास्थल से कुछ गोलियों के खोखे बरामद हुये हैं। वहीं अनुपम द्वारा दी गयी लिखित तहरीर पर पुलिस ने प्रद्युम उपाध्याय सहित 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 286 व 323 का मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्यवाही शुरू कर दिया है।

No comments

Post a Comment

Home