वीडीओ ने की ग्रामीणों के असंतोष को दूर करने की पहल

जौनपुर। जनपद के सुइथाकला विकास खण्ड क्षेत्र के सलेमपुर गांव में ग्राम प्रधान द्वारा घटिया किस्म की ईंट से कराये जा रहे खड़ंजा निर्माण से उत्पन्न ग्रामीणों के आक्रोश को समाप्त करने की पहल सम्बन्धित ग्राम विकास अधिकारी रवीन्द्र प्रसाद सिंह द्वारा की गयी। विदित हो कि गत दिवस उक्त गांव में ग्राम प्रधान द्वारा घटिया किस्म की ईंट का प्रयोग करके खड़ंजे का निर्माण कराया जा रहा था जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने खण्ड विकास अधिकारी से की थी। उक्त प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करते हुये खण्ड विकास अधिकारी गणेशमणि तिवारी ने निर्माण कार्य रूकवा दिया। साथ ही सम्बन्धित विकास अधिकारी को प्रकरण से अवगत कराया। उक्त सम्बन्ध में ग्राम विकास अधिकारी रविन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि बिना सूचना के ग्राम प्रधान द्वारा खड़ंजे का निर्माण कराया जा रहा था। ग्रामीणों द्वारा शिकायत किये जाने पर निर्माण कार्य रोक दिया गया है। बाल श्रमिकों द्वारा कराये जा रहे कार्य की बात निराधार है। खड़ंजे के निर्माण के समय कुछ बच्चे कौतूहलवश वहां खड़े होकर निर्माण कार्य देख रहे थे कि किसी के द्वारा वही फोटो खींचकर भ्रामक सूचना मीडिया में दे दी गयी थी।

No comments

Post a Comment

Home