क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के प्रति जनपद के अधिकारी उदासीन

जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से मुख्य चिकित्सा अधिकारी के नाम पर बुलायी गयी दवा व्यवसाइयों की बैठक का केमिस्ट एण्ड कास्मेटिक वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा बहिष्कार कर दिया गया। यह बैठक प्रधानमंत्री की प्राथमिकता वाले महत्वपूर्ण कार्यक्रम क्षय रोग उन्मूलन में दवा व्यवसायी के योगदान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुलायी गयी थी लेकिन संगठन ने आरोप लगाया कि पिछली कई बैठकों में उन्हें निरूद्देश्य बुलाया जा रहा है। बैठक में सम्बन्धित अधिकारी मौजूद नहीं रहते या अन्य कार्यों की व्यस्तता का हवाला देते हुये चले जाते हैं जिससे ऐसी बैठकें औचित्यहीन साबित होती हैं। एसेासिएशन द्वारा बताया गया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा जनपद के दवा संगठनों को सूचना देकर शुक्रवार को सुबह साढ़े 10 क्षय रोग से समबन्धित कार्यक्रमों की जानकारी देने के नाम पर बैठक के लिये बुलाया गया था। बैठक में लगभग दर्जन भर दवा व्यवसायी सहित संगठनों के पदाधिकारी पहुंचे लेकिन लगभग साढ़े 11 बजे तक जब कोई भी जिम्मेदार अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचा तो व्यवसाइयों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने बैठक के आयोजकों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुये बैठक का बहिष्कार कर दिया। एसोसिएशन के सचिव राजेन्द्र निगम ने कहा कि यह लगातार देखा जा रहा है कि बैठक तो बुलायी जाती है लेकिन बैठक में स्वयं मुख्य चिकित्सा अधिकारी मौजूद नहीं रहते हैं। इतना ही नहीं, क्षय रोग उन्मूलन समिति के कोआर्डिनेटर द्वारा बैठक निपटा दी जाती है। इतने महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सम्बन्धित जिम्मेदार अधिकारियों की गैरमौजूदगी बैठक के महत्व को खत्म कर देती है। लिहाजा हमें बैठक में मौजूद रहने की कोई आवश्यकता नहीं है। वहीं एसोसिएशन के रिटेलर फोरम के सचिव धर्मेन्द्र ने आरोप लगाया कि प्रातःकाल से ही दवा व्यवसाइयों को बैठक के नाम पर बुलाकर समय की बर्बादी की जा रही है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पूरे देश से क्षय रोग उन्मूलन के लिये जो कार्यक्रम चलाया जा रहा है, उसमें दवा व्यवसायी अहम भूमिका निभा रहे हैं लेकिन जनपद के अधिकारियों द्वारा लगातार अनदेखी  की जा रही है। बीते 25 मार्च को एसोसिएशन द्वारा नगर के रुहट्टा में क्षय रोग उन्मूलन में दवा व्यवसाइयों की भूमिका तय करने के लिये एक गोष्ठी का आयोजन किया था। गोष्ठी में संगठन ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी आमंत्रित किया था। बताया जाता है कि उक्त कार्यक्रम में भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी नहीं पहुंचे थे जबकि उन्होंने कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति की सहमति दी थी।

No comments

Post a Comment

Home