बाल मजदूरों से कराया जा रहा है मनरेगा का कार्य

जौनपुर। जनपद के सुइथाकला विकास खण्ड क्षेत्र के सलेमपुर गांव में शासन के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुये ग्राम प्रधान एवं सचिव द्वारा बाल श्रमिकों से मनरेगा के तहत निर्माण करवाया जा रहा है। जहां बच्चों को शिक्षित करने के लिये सरकार द्वारा स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है और गुणवत्तापरक शिक्षा प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, वहीं शासन के कुछ चुनिंदा अधिकारी अपनी कार्यशैली से शासन की मंशा पर पानी फेरते नजर आ रहे हैं। जिन बच्चों के हाथों में किताब होनी चाहिये, उनसे मजदूरी करवाया जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा बार-बार शिकायत करने पर खण्ड  विकास अधिकारी ने शुक्रवार को काम को रूकवा दिया। गांव में शहीद बाबा के स्थान से अरसियां सम्पर्क मार्ग तक चतुर्थ वित्त आयोग से ग्राम प्रधान द्वारा खड़ंजा निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि ईंट मानक के अनुरूप न होकर बेहद ही घटिया है जिसके सम्बन्ध में  शिकायत को गम्भीरता से लेते हुये बीडीओ ने बुधवार को काम रूकवा दिया था तथा शिकायतकर्ताओं को आश्वासन दिया था कि खराब ईंट बदली जायेगी और मानक के अनुसार ही कार्य कराया जायेगा किन्तु शुक्रवार को एक बार फिर उन्हीं ईंटों में कुछ नयी ईंट मिलाकर काम शुरू करा दिया गया। इतना ही नहीं, कार्य में सारे मानकों को ताख पर रखते हुये बाल श्रमिकों से भी कार्य करवाया जा रहा है जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने पुनः खण्ड विकास अधिकारी सहित मुख्य विकास अधिकारी से की। फिलहाल बीडीओ ने एक बार फिर काम रोक करके मानक के अनुसार काम करने का आश्वासन दिया।

No comments

Post a Comment

Home