बीमारी से तंग आकर विवाहिता ने की खुदकुशी

जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के समोधपुर गांव में बीमारी से तंग आकर विवाहिता ने कमरे के भीतर गले में साड़ी का फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। इसकी जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी कुलदीप यादव की पत्नी सुनीता यादव 31 वर्ष अपनी बीमारी को लेकर चिंतित रहती थी। परिवार वाले उपचार करा रहे थे। शुक्रवार को वह नित्य की भांति परिजनों को भोजन कराने के उपरान्त तबीयत खराब होने की बात कहकर अपने दोनों  बच्चों को बाहर सुलाते हुये स्वयं भीतर से दरवाजा बंद करके कमरे में सोने चली गयी। परिजनों के अनुसार रात में उसने साड़ी का फंदा गले में डालकर फांसी लगा ली। सुबह होने पर जब वह कमरे से बाहर न आयी तो लोग दरवाजा पीटे लेकिन किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं हुई जिस पर दरवाजा तोड़कर कमरे के भीतर देखा गया कि उसका निष्प्राण शरीर हवा में झूल रहा था। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया। परिजनों ने मृतका के पिता को सूचना दिया जिस पर मायके वाले पहुंच गये।

No comments

Post a Comment

Home