जौनपुर के डॉ. देवब्रत मिश्रा को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मिला प्रतिष्ठित सम्मान

ऑल इंडिया कांग्रेस ऑफ जूलॉजी के अंतर्गत आयोजित अंतरराष्ट्रीय त्रिदिवसीय सम्मेलन (07, 08 एवं 09 अप्रैल 2026) का आयोजन चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के प्राणि विज्ञान विभाग द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम जूलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया, पीएम उषा, प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना तथा नेशनल फिशरीज डेवलपमेंट बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।
सम्मेलन के प्रथम दिवस (07 अप्रैल) को आयोजित अवार्ड सेरेमनी में तिलक धारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राणि विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. देवब्रत मिश्रा को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं शोध योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
डॉ. मिश्रा को मत्स्यिकी (Fisheries) के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हेतु प्रतिष्ठित “प्रोफेसर बी. एन. पांडेय मेडल” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान मुख्य अतिथि प्रोफेसर आर. सी. सोबती सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों एवं वैज्ञानिकों की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया।
डॉ. मिश्रा का प्राणि विज्ञान के क्षेत्र में योगदान अत्यंत सराहनीय रहा है। उनके अब तक 70 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त उन्हें पर्यावरण एवं प्राणि विज्ञान के क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं।
उनकी लिखित पुस्तकें देश के विभिन्न राज्यों में पाठ्यक्रम के रूप में पढ़ाई जाती हैं। साथ ही, वे अनेक प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थाओं के आजीवन सदस्य एवं फेलो हैं। उनके निर्देशन में अब तक पाँच शोधार्थियों ने पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की है।

No comments

Post a Comment

Home