दो गुटों में मारपीट, एक पक्ष ने चलायी गोली, कोई हताहत नहीं

जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के आदर्श कालोनी (नईगंज) में दो गुट आपस में भिड़ गये। स्थिति इतनी बिगड़ गयी कि गोली भी चला दी गयी। हालांकि किसी को गोली नहीं लगी लेकिन इसको लेकर क्षेत्र सहित आस-पास का माहौल बिगड़ गया। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार उक्त कालोनी में डा. अशोक यादव के नर्सिंग  होम के पास गोमती ग्रामीण बैंक के सामने किसी बात को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। इसी को लेकर एक पक्ष द्वारा गोली भी चला दी गयी। चर्चाओं की मानें तो बिल्लू सोनकर सहित उनके साथियों द्वारा मोहल्ले के शनि यादव के ऊपर गोली चलायी गयी। हालांकि गोली से शनि बाल-बाल बच गये। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो गोली चलायी गयी जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गये। मामले की जानकारी पुलिस को दी गयी जिस पर पुलिसिया छानबीन व पूछताछ शुरू हो गयी है। समाचार लिखे जाने तक घटना का न कारण ज्ञात हो सका और न ही किसी गिरफ्तारी हो सकी थी। फिलहाल कोतवाली पुलिस लगी हुई है।

No comments

Post a Comment

Home