दो अन्तरजनपदीय लूटेरे गिरफ्तार, साथी हुआ फरार


जौनपुर। जनपद की लाइन बाजार पुलिस ने अन्तरजनपदीय लूटेरों के गिरोह को गिरफ्तार करते हुये उनके पास से तमंचा, कारतूस व लूट की मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। इस बाबत गुरूवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुये आरक्षी अधीक्षक शैलेश पाण्डेय ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक लाइन बाजार मयफोर्स के क्षेत्र के रसैना की तरफ क्षेत्र भ्रमण पर थे कि सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल पर 3 व्यक्ति असलहे से लैस होकर आये हैं जो किसी गम्भीर घटना करने की फिराक में हैं। सूचना पर कार्यवाही करते हुये प्रभारी निरीक्षक टीम सहित कुद्दूपुर भरौटी मोड़ पर घेराबन्दी करके मोटरसाइकिल सवार बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किये जहां दो गिरफ्तार कर लिये गये जबकि तीसरा भागने में सफल रहा। पकड़े गये बदमाशों के कब्जे से दो नाली तमंचा मय दो कारतूस और दूसरे के पास से एक देशी तमंचा 315 बोर व कारतूस बरामद हुआ। आरक्षी अधीक्षक श्री पाण्डेय ने बताया कि बदमाशों ने बताया कि उनका एक गैग है जिसमें कल्लू पण्डित, शिवम सिंह, मनीष यादव, राहुल व अजय सिंह शामिल हैं। सभी मिलकर सुल्तानपुर के कादीपुर कस्बे में 19 जुलाई को रंगदारी हेतु फायरिंग किये थे जिससे वहां दहशत फैल गयी। 20 जुलाई को आरके मोबाइल के मालिक से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगे थे जिसमें कादीपुर थाने में मुकदमा भी दर्ज है। श्री पाण्डेय ने बताया कि पकड़े गये बदमाशों में राहुल मौर्या पुत्र लालजी मौर्या निवासी रामपुर खुर्द थाना कादीपुर जनपद सुल्तानपुर व नीरज दुबे पुत्र स्व. जामवन्त दुबे निवासी बेलवरुआ थाना बरसठी जनपद जौनपुर हैं जबकि फरार बदमाश कल्लू पण्डित उर्फ प्रशान्त पाण्डेय पुत्र हीरामनी पाण्डेय निवासी अमरेसु डडिया थाना कादीपुर जनपद सुल्तानपुर है। बदमाशों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में देवेन्द्र सिंह प्रभारी निरीक्षक लाइन बाजार, अजय सिंह चौकी प्रभारी टीडी कालेज थाना लाइन बाजार, आरक्षी जितेन्द्र यादव, भरत लाल, आनन्द सिंह, मनोज उपाध्याय हैं।

No comments

Post a Comment

Home