यूनिफार्म वितरण को लेकर शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन

जौनपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमण्डल शुक्रवार को जिलाध्यक्ष अरविन्द शुक्ल के नेतृत्व में 200 रुपये में प्रति सेट गुणवत्तापूर्ण यूनिफार्म वितरण के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। शिक्षक प्रतिनिधिमण्डल द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि बढ़ती मंहगाई के कारण रूपये 200 में यूनिफार्म हेतु कपड़ा खरीदना और सिलाई कराना सम्भव नहीं है तथा गुणवत्तापूर्ण यूनिफार्म वितरण का कार्य सरकार पुस्तक वितरण, बैग वितरण, बर्तन वितरण की तरह किसी अन्य संस्था से कराये जिससे गुणवत्तापूर्ण यूनिफार्म वितरण के नाम पर शिक्षकों का मानसिक शोषण बन्द किया जा सके। जिलाध्यक्ष ने बताया कि शिक्षकों के द्वारा इस सम्बन्ध में बार-बार मना करने के बावजूद अधिकारियों के द्वारा यूनिफार्म वितरण हेतु दबाव बनाया जाता है। बाद में गुणवत्ता के जांच के नाम पर मानसिक शोषण किया जाता है। बढ़ी हुयी मंहगाई के कारण 200 रुपये में शासनादेश के अनुसार गुणवत्तापूर्ण यूनिफार्म का वितरण करना सम्भव नहीं है। यूनिफार्म वितरण के कारण शिक्षकों का मानसिक शोषण होने से शिक्षकगण आक्रोशित हैं। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमण्डल से विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, गैर शैक्षणिक कार्य और विद्यालयों में शिक्षकों के उपस्थिति के सम्बन्ध वार्ता किया और कहा कि शिक्षक अपने दायित्वों और समाज में अपनी छवि के प्रति सजग रहें। शासन-प्रशासन शिक्षा और शिक्षक समस्याओं के प्रति गम्भीर है। प्रतिनिधिमण्डल में रवि चन्द्र यादव, वीरेन्द्र प्रताप सिंह, रामदुलार यादव, लक्ष्मीकांत सिंह, लाल साहब यादव, सुनील यादव, संदीप सिंह, प्रशान्त मिश्रा, श्रीपाल यादव, दयाशंकर यादव, संतोष सिंह, रजनीश सिंह, दयाशंकर यादव, विजय यादव, विजय गुप्ता, प्रमोद दूबे, रजनीश सिंह सहित पदाधिकारी व शिक्षक उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home