देश की प्रगति में युवाओं का योगदान महत्वपूर्ण: नाईक


लखनऊ: युवा पीढ़ी को लक्ष्य की प्राप्ति के लिये निरन्तर परिश्रम करने का आह्वान करते हुये उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने आज कहा कि देश को आगे ले जाने में युवाओं का योगदान महत्वपूर्ण है। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती उर्दू, अरबी-फारसी विश्वविद्यालय, के पहले दीक्षान्त समारोह को संबोधित करते हुये नाईक ने यहां कहा कि 2025 तक भारत विश्व का सबसे युवा देश होगा। युवा पीढ़ी गलत रास्ते पर न जाये, समाज को देखना होगा। युवा पीढ़ी को पूंजी के रूप में स्थापित करें। युवा पीढ़ी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये निरन्तर परिश्रम करें। विश्वास से आगे बढ़ेंगे तो सफलता मिलेगी। असफल होने पर उसका विश्लेषण करें।

पूर्व राष्ट्रपति डॉ0 कलाम को याद करते हुये राज्यपाल ने कहा कि डॉ0 कलाम कहते थे ‘सपने वे होते हैं जो आपको सोने नहीं देते।’ उन्होंने कहा कि देश को आगे ले जाने में युवाओं का योगदान महत्वपूर्ण है। नाईक ने कहा कि सूचना क्रांति के दौर में दुनिया सिमट रही है। विश्व की कड़ी स्पर्धा के लिये कठोर परिश्रम करें। जीवन में सफलता एवं व्यक्तित्व विकास के चार मंत्र बताते हुये राज्यपाल ने कहा कि सदैव मुस्कुराते रहें, दूसरों की सराहना करना सीखें, दूसरों की अवमानना न करें क्योंकि यह गति अवरोधक का कार्य करती हैं, अहंकार से दूर रहें तथा हर काम को अधिक अच्छा करने पर विचार करें। 

No comments

Post a Comment

Home