सर्वाधिक 85% हासिल कर इंटर में स्कूल टॉप की मिस्बाह खान,अन्य टॉपर का भी हुआ सम्मान

जौनपुर शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सबरहद, तालीमाबाद स्थित सर सैयद अहमद इंटर कॉलेज में कक्षा 10वीं और 12वीं में 75% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को स्कूल प्रबंधन द्वारा फूल मालाओं से सम्मानित करते हुए ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया। साथ ही, 10वीं कक्षा में कॉलेज में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को इंटर तक मुफ्त शिक्षा देने की घोषणा की गई।
इसके अलावा, इंटरमीडिएट में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कॉलेज से ग्रेजुएशन करने पर फीस में रियायत देने की भी घोषणा की गई।
सर सैयद अहमद गर्ल्स इंटर कॉलेज का हाईस्कूल और इंटर तक का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इंटरमीडिएट में मिस्बाह खान ने 85% अंक के साथ पहला स्थान, दिव्यांशी ने 82% के साथ दूसरा और सफीरा ने 79% के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं हाईस्कूल में निदा इमरान ने 88% के साथ पहला, खुशबू दिनेश ने 86% के साथ दूसरा और दीपा प्रजापति ने 85% के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
सर सैयद इंटर कॉलेज (बॉयज़ सेक्शन) में इंटरमीडिएट में मोहम्मद रेहान ने 84% के साथ पहला, मोहम्मद फराज ने 82% के साथ दूसरा और ऋषभ मौर्य ने 81% के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। हाईस्कूल में मोहम्मद अकदस ने 89% के साथ पहला, अमीर हमजा ने 85% के साथ दूसरा और मोहम्मद आरिज ने 83% के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस प्रकार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट (बॉयज़) का कुल परिणाम 95% रहा।
इस अवसर पर सर सैयद अहमद इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल मोहम्मद शाहिद नईम ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत और शिक्षकों के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी आगे भी अपनी पढ़ाई जारी रखें और मेहनत के दम पर ऊँचाइयों को छूते हुए देश और क्षेत्र का नाम रोशन करें। उन्होंने यह भी कहा कि हर चीज को भाग्य पर छोड़ने के बजाय मेहनत पर भरोसा करें, स्कूल में अनुपस्थित रहने से बचें और घर पर मन लगाकर पढ़ाई करें, सफलता अवश्य मिलेगी।
सर सैयद गर्ल्स कॉलेज की प्रिंसिपल तलअत रिजवी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संसाधनों की कमी के बावजूद लड़कियों ने जिस तरह सफलता हासिल की है, वह उनकी क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का सफर इंटर तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आगे भी कई चुनौतियों का सामना करना होगा। इसलिए छात्राओं को दृढ़ संकल्प के साथ मेहनत करनी चाहिए और अपने भविष्य को स्वयं गढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home