जौनपुर। यूपी बोर्ड द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। अधिकांश छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, जो विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है।
इंटरमीडिएट के छात्र अनूप पाल ने 451 अंक प्राप्त कर जनपद में तृतीय स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। अनूप ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के गुरुजनों, प्रधानाचार्य, प्रबंधक एवं अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि सभी के सहयोग और मार्गदर्शन से ही यह संभव हो सका।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अब्दुल कादिर खान ने विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त करते हुए शिक्षकों की सराहना की और परीक्षा परिणाम पर संतोष जताया। उन्होंने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई दी तथा आश्वासन दिया कि आगे की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर विद्यालय हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को विशेष सहायता देने की बात भी कही।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने भी अधिकांश विद्यार्थियों के प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए सभी छात्रों को भविष्य में कड़ी मेहनत और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
वहीं, मोहम्मद हसन गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए अधिकांश ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की, जिससे विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।
No comments
Post a Comment