‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत परिषदीय विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

( सोहराब )
जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शनिवार को जनपद के परिषदीय विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता एवं विभिन्न नवाचार गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने सपनों के भारत की कल्पना को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा।
इसी क्रम में कंपोजिट विद्यालय देवकली, विकासखंड मुफ्तीगंज में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता एवं नवाचार गतिविधियों का मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, खंड विकास अधिकारी श्रीमती सीमा कुमारी तथा खंड शिक्षा अधिकारी मुफ्तीगंज कन्हैया लाल ने अवलोकन किया। विद्यालय पहुंचने पर कक्षा 8 की छात्रा आफरीन ने बुके भेंट कर सीडीओ ध्रुव खाड़िया का स्वागत किया। अधिकारियों ने बच्चों द्वारा तैयार की गई रंगोली का अवलोकन किया और उसकी सराहना की। सीडीओ ने रंगोली में प्रदर्शित ‘सपनों का भारत’ विषय के संबंध में बच्चों से प्रश्न किए, जिनका विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया।उन्होंने बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग और अन्य गतिविधियों को देखा तथा विद्यार्थियों से उनके चित्रों के बारे में जानकारी ली।
सीडीओ ने छात्राओं सोनी विश्वकर्मा और आफिया द्वारा बनाई गई चित्रकला में प्रदर्शित सैटेलाइट एवं इसरो से संबंधित विषयों पर बच्चों से जानकारी ली। बच्चों के उत्तरों की सराहना करते हुए उन्होंने उनकी रचनात्मकता और विषय की समझ की प्रशंसा की।
सीडीओ ने विद्यार्थियों को इसरो एवं अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं।

वहीं पीएम श्री विद्यालय मुकुंदपुर में जनप्रतिनिधि श्रीमती सुषमा पटेल ने बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकला एवं हैंडराइटिंग का अवलोकन किया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। मीना मंच, इको क्लब एवं एल.बी.डी. कार्यक्रम की गतिविधियों का भी अवलोकन किया गया। इन गतिविधियों के संचालन पर सीडीओ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने कहा कि चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने बेहद सुंदर एवं आकर्षक चित्र बनाए हैं। ऐसी गतिविधियां बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने में सहायक हैं।

No comments

Post a Comment

Home